खो-खो में मुंगेर की शान बने हरिमोहन सिंह,
पूरी में किया गया सम्मानित
— खेल व समाज सेवा के क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान बनाने वाले हरिमोहन सिंह को खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया ने किया सम्मानित
मुंगेर/पूरी।
खो-खो खेल को नई पहचान दिलाने वाले और ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभा रहे मुंगेर के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सह कोच हरिमोहन सिंह को ओडिशा के पूरी में आयोजित 57वीं सीनियर नेशनल पुरुष एवं महिला खो-खो चैंपियनशिप 2024-25 के दौरान विशेष सम्मान से नवाजा गया। उन्हें यह सम्मान खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव एम.एस. त्यागी, भारतीय पुरुष खो-खो टीम के मुख्य कोच अश्विनी कुमार शर्मा, ओडिशा खो-खो संघ के महासचिव प्रद्युम्न मिश्रा एवं बिहार खो-खो संघ के महासचिव नीरज कुमार पप्पू ने संयुक्त रूप से प्रतीक चिन्ह भेंट कर प्रदान किया।
इस अवसर पर खेल में उनके निस्वार्थ योगदान, कोचिंग के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को तराशने एवं सामाजिक क्षेत्रों में सक्रियता को लेकर सभी गणमान्यजनों ने उनकी सराहना की और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
हरिमोहन सिंह न केवल मुंगेर जिला खो-खो संघ के सचिव हैं, बल्कि ‘जनकल्याण शिव शक्ति हरिमोहन फाउंडेशन’ के संस्थापक के रूप में भी खेल और समाज सेवा के विभिन्न कार्यों में लगातार सक्रिय हैं। उनके मार्गदर्शन में अब तक मुंगेर के 60 से अधिक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खो-खो में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है, जबकि 100 से अधिक खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शामिल होकर जिले का मान बढ़ा चुके हैं।
सरकारी मान्यता और सम्मान
हरिमोहन सिंह को अब तक बिहार के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, खेल मंत्री, समाज कल्याण मंत्री, कला-संस्कृति मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, विधि मंत्री सहित कई गणमान्य मंत्रियों के हाथों सम्मान प्राप्त हो चुका है। इसके अतिरिक्त, वे लोकसभा व विधानसभा चुनावों में चुनाव आयोग द्वारा पीडब्ल्यूडी ब्रांड एंबेसडर और स्वच्छता सर्वेक्षण मिशन में मुंगेर नगर निगम के ब्रांड एंबेसडर भी रह चुके हैं।
खेल के साथ सामाजिक सक्रियता
खेल क्षेत्र से इतर सामाजिक कार्यों में भी उनका योगदान सराहनीय रहा है। उन्हें बिहार सीनियर महिला खो-खो टीम के कोच की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। वे अब तक दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, जयपुर, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, उत्तराखंड जैसे राज्यों में खो-खो की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ी, कोच, रेफरी और टीम मैनेजर के रूप में भूमिका निभा चुके हैं।
खेल संस्थाओं ने दी बधाई
सम्मान प्राप्त होने पर मुंगेर जिला प्रशासन, मुंगेर योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन, आर्ट, कल्चरल एंड यूथ स्पोर्ट्स डेवलपमेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया, फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (बिहार चैप्टर), पैरा लॉन बाउल्स एसोसिएशन ऑफ बिहार, बैटल डांस स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ बिहार, मुंगेर पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन समेत कई संस्थाओं के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुंगेर को खो-खो का हब बनाने का लक्ष्य
हरिमोहन सिंह ने इस सम्मान को मुंगेर के युवाओं और ग्रामीण प्रतिभाओं को समर्पित करते हुए कहा कि आने वाले समय में मुंगेर को खो-खो का राष्ट्रीय हब बनाने का प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य हर गांव और कस्बे से नए खिलाड़ी को निकालकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना है।