राजधर्म निभाने में नाकाम रहे प्रधानमंत्री: खरगे का आरोप
दो वर्षों में मणिपुर नहीं गए मोदी, हिंसा और अव्यवस्था पर कांग्रेस अध्यक्ष का हमला
नई दिल्ली।
मणिपुर में जारी हिंसा और राजनीतिक अस्थिरता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए खरगे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने ‘राजधर्म’ निभाने में विफलता दिखाई है, क्योंकि बीते दो वर्षों में उन्होंने मणिपुर की एक भी बार यात्रा नहीं की।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 3 मई 2023 से मणिपुर में हिंसा की शुरुआत हुई थी और यह अभी तक थमी नहीं है। “दो दिन पहले ही तमेंगलोंग जिले में हिंसक झड़पों में 25 लोग घायल हो गए। अब तक 260 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है और 68,000 से अधिक लोग अपने घरों से विस्थापित होकर राहत शिविरों में जीने को मजबूर हैं,” खरगे ने लिखा।
खरगे ने प्रधानमंत्री से तीन सीधे सवाल पूछे—“जनवरी 2022 में आपने मणिपुर में आखिरी चुनावी रैली की थी, उसके बाद से आपने 44 विदेशी और 250 देशभर में दौरे किए, पर मणिपुर के लिए एक क्षण भी नहीं निकाला। आखिर मणिपुर के लोगों के प्रति यह उपेक्षा और असंवेदनशीलता क्यों? राजनीतिक जवाबदेही कहां है?”
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राष्ट्रपति शासन की मांग लंबे समय तक नजरअंदाज की गई। “जब बीजेपी सरकार अविश्वास प्रस्ताव के सामने आई और खुद उसके विधायक मुख्यमंत्री तय नहीं कर सके, तब जाकर केंद्र सरकार ने मजबूरी में राष्ट्रपति शासन लगाया—वह भी आधी रात दो बजे जल्दबाजी में। क्या यही प्रशासनिक योग्यता है?” उन्होंने कहा।
खरगे ने पूछा कि गृह मंत्रालय के नियंत्रण में होने के बावजूद मणिपुर में हिंसा क्यों नहीं रुक रही? “क्या डबल इंजन सरकार अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी निभाने में विफल नहीं रही? मुख्यमंत्री को पहले क्यों नहीं हटाया गया?” उन्होंने यह भी जोड़ा कि डबल इंजन नहीं, यह डबल असॉल्ट सरकार है जो मणिपुर को लगातार असुरक्षा और अराजकता की आग में झोंक रही है।
उन्होंने केंद्र पर मणिपुर की अनदेखी करने और वहां की अर्थव्यवस्था को हजारों करोड़ का नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया। “जो अनुदान संसद में पेश किया गया, उसमें कई सामाजिक खर्चों में कटौती की गई। गृह मंत्री द्वारा घोषित शांति समिति का क्या हुआ? आपने दिल्ली में भी पीड़ितों से भेंट क्यों नहीं की? राज्य के लिए विशेष पैकेज की घोषणा क्यों नहीं हुई?” खरगे ने सवालों की झड़ी लगाते हुए कहा।
अंत में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “मोदी जी, आपने एक बार फिर राजधर्म निभाने में असफलता दिखाई है, मणिपुर आज भी आपकी उपस्थिति और शांति का इंतजार कर रहा है।”