अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने दिया महिला सशक्तिकरण का संदेश
जमालपुर। स्वामी विवेकानंद जी की 161वीं जयंती और राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, जमालपुर इकाई द्वारा रामपुर मैदान में महिला हैंडबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर व पुष्पांजलि अर्पित करते हुए मुख्य अतिथि मुंगेर विश्वविद्यालय के पीआरओ डॉ. प्रियरंजन तिवारी, विभाग संयोजक सुभाष मंडल, हैंडबॉल कोच राकेश कुमार और नगर मंत्री अंकित मंडल ने की।
महिलाओं के लिए नई पहल
डॉ. प्रियरंजन तिवारी ने युवाओं और महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा, “स्वामी विवेकानंद ने भारतीय संस्कृति और सभ्यता को विश्व पटल पर पहचान दिलाई। वे युवाओं को शक्ति और आत्मनिर्भरता की प्रेरणा देते थे। उनकी दृष्टि में दुर्बलता मृत्यु के समान थी और उन्होंने सदैव आत्मविश्वास और साहस का संदेश दिया।”
महिला सशक्तिकरण पर जोर
कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राज रंजन ने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज की उन्नति के लिए महिला और पुरुष दोनों का समान योगदान आवश्यक है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी परिषद नियमित रूप से महिलाओं के सशक्तिकरण और प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए मिशन साहसी और ऋतुमति अभियान जैसे आयोजन करता रहता है।
अहिल्याबाई होल्कर टीम ने मारी बाजी
टूर्नामेंट में चार टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला अहिल्याबाई होल्कर टीम और रानी लक्ष्मीबाई टीम के बीच हुआ, जिसमें अहिल्याबाई होल्कर टीम ने 8-5 से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की। सेमीफाइनल में सावित्रीबाई फुले टीम और झलकारी बाई टीम बाहर हो गईं। विजेता टीम को ट्रॉफी और स्वामी विवेकानंद की जीवनी भेंट की गई, जबकि सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए।
नेशनल और राज्य स्तर के खिलाड़ियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान जमालपुर के राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय खिलाड़ियों जैसे शिव हेंब्रम, केशर रानी, आलोक तिवारी, श्रेया सिंह, आलोक कुमार, इशिका राय, और रुचि कुमारी को सम्मानित किया गया।
इस आयोजन में नगर मंत्री अंकित मंडल, नगर सह मंत्री कुणाल राज, मीडिया संयोजक विकास राज, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बिक्की आनंद, जिला खेल प्रमुख कोमल सिंह, और कल्पना यादव सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।