ओडिशा में ‘दहीबड़ा’ बना बीमारी का कारण: 58 लोग बीमार, कई अस्पताल में भर्ती

भुवनेश्वर/जाजपुर, संवाददाता:
ओडिशा के जाजपुर जिले में ‘दहीबड़ा’ खाने के बाद 58 लोग अचानक बीमार पड़ गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना जाजपुर जिले के दशरथपुर ब्लॉक के पटापुर गांव में हुई, जहां लोगों ने एक स्थानीय विक्रेता से ‘कट्टक दहीबड़ा’ खाया था। इसके तुरंत बाद लोगों में उल्टी और बुखार जैसे लक्षण दिखाई देने लगे।

बीमार पड़े लोगों में 27 बच्चे भी शामिल हैं। सभी को पहले दशरथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में जाजपुर जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रशासन के अनुसार, इलाज के बाद कुछ मरीजों को छुट्टी भी दे दी गई है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मुकेश महालिंग ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हाल जाना। प्रारंभिक जांच में मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। खाद्य और पानी के नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं।

राज्य सरकार ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तीन अलग-अलग जांच टीमें गठित की हैं। साथ ही सभी मरीजों के बेहतर इलाज के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

इस घटना ने एक बार फिर सड़क किनारे मिलने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *