किशनगंज की DPO रूबी कुमारी के ठिकानों पर EOU का छापा, 10 प्लॉट के कागजात और लाखों की नकदी बरामद

पटना/किशनगंज। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए किशनगंज की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) रूबी कुमारी और उनके पति गौरव कुमार के चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में हुई इस कार्रवाई के दौरान करीब तीन करोड़ रुपये मूल्य के 10 भूखंडों के दस्तावेज, नकदी और आभूषणों से जुड़े कागजात मिले हैं।

EOU के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, दंपती के पास उनकी ज्ञात वैध आय से करीब 2 करोड़ 45 लाख 84 हजार रुपये अधिक की संपत्ति होने के प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिले हैं। यह उनकी ज्ञात आय से लगभग 87.49 प्रतिशत अधिक बताई गई है। इस मामले में 2 नवंबर को आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 31/26 दर्ज किया गया था।

चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

मंगलवार सुबह EOU की अलग-अलग टीमों ने किशनगंज और कटिहार में तलाशी अभियान चलाया। किशनगंज के रूईधासा स्थित समग्र शिक्षा अभियान कार्यालय में DPO के चैंबर और लाइन मोहल्ला स्थित किराये के आवास की जांच की गई। वहीं, कटिहार के ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित उनके पति से जुड़े ठिकानों पर भी तलाशी ली गई।

2.80 लाख नकद और 220 ग्राम सोने के आभूषण

तलाशी के दौरान करीब 2 लाख 80 हजार रुपये नकद और लगभग 220 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। आभूषणों का अनुमानित मूल्य करीब 60 से 69 लाख रुपये बताया गया है। इसके अलावा करीब छह लाख रुपये के आभूषणों की खरीद से संबंधित दस्तावेज भी जांच के दायरे में हैं।

पांच मंजिला मकान और स्कॉर्पियो भी जांच के घेरे में

कटिहार के पॉश इलाके में आठ डिसमिल जमीन पर बने पांच मंजिला मकान का भी पता चला है। इस भवन के निर्माण और वास्तविक कीमत का आकलन कराया जाएगा। इसके अलावा एक स्कॉर्पियो वाहन के बेनामी संपत्ति होने की आशंका से जुड़े साक्ष्य मिलने की बात भी EOU ने कही है।

2018 में बिहार शिक्षा सेवा में हुई थीं चयनित

रूबी कुमारी वर्ष 2018 में बिहार शिक्षा सेवा में चयनित हुई थीं। उनके पति गौरव कुमार रेलवे में कार्यरत हैं। फिलहाल EOU जमीन के दस्तावेजों, बैंक खातों, नकदी और अन्य संपत्तियों के स्रोत की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, संपत्तियों के मूल्यांकन और दस्तावेजों की पड़ताल के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *