दरभंगा स्नातक-शिक्षक MLC चुनाव: 53 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला , 1.35 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान
दरभंगा | TWM News Bihar
बिहार विधान परिषद के दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए शुक्रवार, 23 अक्टूबर को मतदान होगा। दोनों सीटों पर कुल 53 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनके राजनीतिक भविष्य का फैसला दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर और बेगूसराय के कुल 1,35,977 मतदाता करेंगे। मतदान को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 40 प्रत्याशी
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 40 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस क्षेत्र में कुल 1,26,951 मतदाता पंजीकृत हैं। चार जिलों में दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर और बेगूसराय के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 13 उम्मीदवार
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 13 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है। इस सीट के लिए कुल 9,026 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें चारों जिलों के शिक्षक मतदाता शामिल हैं।
237 मतदान केंद्रों पर होगी वोटिंग
चुनाव को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 237 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 138 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 99 मतदान केंद्र निर्धारित हैं। प्रशासन ने निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा और व्यवस्था संबंधी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
दरभंगा में वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध
मतदान के दिन दरभंगा जिले में सुबह 5 बजे से शाम 6 बजे तक वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को नियमानुसार छूट दी गई है। मतदान केंद्र परिसर में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध रहेगा, जबकि निर्वाचन कार्य में तैनात कर्मियों को इससे छूट दी गई है।
TWM News Bihar | बिहार डेस्क