नालंदा के स्कूल में मिड-डे मील की बड़ी लापरवाही, नमक की जगह सर्फ डालने से 18 छात्राएं बीमार
नालंदा। बिहार के नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र स्थित परासी मिडिल स्कूल में मिड-डे मील को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। सोयाबीन की सब्जी में नमक की जगह गलती से कपड़े धोने का सर्फ डाल दिया गया। खाना खाने के बाद करीब 18 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बताया जा रहा है कि स्कूल में मिड-डे मील का खाना किसी दूसरे स्कूल से बनकर आया था। सोयाबीन की सब्जी में नमक कम होने पर छात्राओं ने नमक मांगा। आरोप है कि इस दौरान रसोइयों ने गलती से नमक की जगह सर्फ दे दिया। छात्राओं ने इसका इस्तेमाल सब्जी में कर लिया और खाना खाने के बाद कई बच्चों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी।
अस्पताल में कराया गया भर्ती
छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें आनन-फानन में बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में अभिभावकों की भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
नालंदा के सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह समेत कई चिकित्सक अस्पताल पहुंचे और बच्चों के इलाज की जानकारी ली। सिविल सर्जन के अनुसार, सभी बच्चे सुरक्षित हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
पूरे मामले की जांच शुरू
प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि मिड-डे मील में कपड़े धोने का सर्फ कैसे पहुंचा और नमक की जगह बच्चों को सर्फ कैसे उपलब्ध कराया गया। स्कूल प्रबंधन और प्रशासन मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
घटना ने स्कूलों में बच्चों को परोसे जाने वाले मिड-डे मील की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन की जांच के बाद ही लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।