प्रवासी मजदूरों को बड़ी राहत: केंद्र ने 5 किलो LPG सिलेंडरों की सप्लाई दोगुनी की, राज्यों को सख्त निर्देश
नई दिल्ली, संवाददाता:
प्रवासी मजदूरों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 5 किलोग्राम फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलेंडरों की दैनिक आपूर्ति दोगुनी करने का निर्देश दिया है।
सरकार के इस फैसले का उद्देश्य शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में रहने वाले प्रवासी मजदूरों को सस्ती और आसानी से उपलब्ध रसोई गैस मुहैया कराना है। खास बात यह है कि ये छोटे सिलेंडर केवल पहचान पत्र दिखाकर खरीदे जा सकते हैं, जिससे बिना स्थायी पते वाले मजदूरों को बड़ी राहत मिलेगी।
मंत्रालय के निर्देश के अनुसार, यह अतिरिक्त आपूर्ति राज्यों के फूड और सिविल सप्लाई विभागों के माध्यम से केवल प्रवासी मजदूरों को ही वितरित की जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया में ऑयल मार्केटिंग कंपनियों का सहयोग लिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि यह फैसला मार्च के शुरुआती दिनों में हुई औसत खपत के आधार पर लिया गया है और यह पहले तय 20 प्रतिशत की सीमा से भी अधिक है।
दरअसल, पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और आपूर्ति बाधाओं के कारण देश के कुछ हिस्सों में एलपीजी की उपलब्धता को लेकर चिंता जताई जा रही थी, जिसका सबसे ज्यादा असर प्रवासी मजदूरों पर पड़ रहा था।
हालांकि केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में एलपीजी की कुल आपूर्ति स्थिति स्थिर है और कहीं भी बड़े स्तर पर कमी नहीं है। इसके बावजूद सरकार ने एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया है, ताकि जरूरतमंद वर्गों तक गैस की पहुंच सुनिश्चित की जा सके।