फ्लाइट में पायलट के गांजा सेवन का खुलासा, नींद की दवा भी ले रहा था; 300 फीट नीचे आया था विमान
नई दिल्ली: फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में अचानक 300 फीट की ऊंचाई कम होने के मामले में जांच के दौरान चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। जांच रिपोर्ट के अनुसार, विमान के पायलट के दो ड्रग टेस्ट में गांजा (Marijuana) के सेवन की पुष्टि हुई थी। इसके साथ ही पायलट नींद की समस्या के लिए डॉक्टर द्वारा लिखी गई दवा भी ले रहा था।
यह घटना 4 अगस्त को एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2379 में हुई थी। विमान में 137 यात्री और आठ क्रू सदस्य सवार थे। ओडिशा के ऊपर उड़ान के दौरान विमान अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गया, जिससे कम से कम 20 यात्री और चार क्रू सदस्य घायल हो गए। बाद में विमान ने दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग की।
रिपोर्ट के मुताबिक, पायलट ने जांच के दौरान बताया कि वह निजी परिस्थितियों के कारण नींद की समस्या से जूझ रहा था और इसके लिए अपने पारिवारिक चिकित्सक से दवा ले रहा था। उसने फुकेत में भी पर्याप्त नींद नहीं आने की बात कही।
जांच में यह भी सामने आया कि विमान के अचानक नीचे आने के समय पायलट अपनी सीट पर मौजूद नहीं था और उस वक्त सह-पायलट विमान को नियंत्रित कर रहा था। लैंडिंग के बाद पायलट को अस्थिर अवस्था में देखा गया और यूरिन सैंपल देने के दौरान उसे सहायता की जरूरत पड़ी।
घटना के बाद दोनों पायलटों को ड्यूटी से हटा दिया गया है। फिलहाल विमान की ऊंचाई में अचानक आई गिरावट, पायलट की फिटनेस, दवा और ड्रग टेस्ट समेत कई पहलुओं की जांच की जा रही है।
(Pic Credit: संबंधित स्रोत)