बंगाल में बढ़ी सियासी हिंसा, सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी की गोली मारकर हत्या
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद जारी राजनीतिक तनाव के बीच भाजपा नेता Suvendu Adhikari के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद राज्य की राजनीति में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, चंद्रनाथ रथ बुधवार रात कार से अपने घर लौट रहे थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया और करीब से कई राउंड फायरिंग कर दी। हमले में रथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
भाजपा ने इस घटना को “राजनीतिक हत्या” करार देते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने भी हत्या की निंदा करते हुए मामले की कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, यह हमला पूरी तरह सुनियोजित प्रतीत हो रहा है। जांच एजेंसियां सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं और हमलावरों की तलाश में कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। शुरुआती जांच में फर्जी नंबर प्लेट और पेशेवर शूटरों के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है।