बिहार एमएलसी चुनाव: 8 सीटों पर मतदान आज, 5.32 लाख से अधिक मतदाता तय करेंगे 150 प्रत्याशियों का भाग्य
पटना। बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान हो रहा है। चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में होने वाले चुनाव को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। कुल 933 मतदान केंद्रों पर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे। चुनाव मैदान में 150 प्रत्याशी हैं, जबकि 5,32,847 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में सबसे अधिक 4,92,594 मतदाता हैं। इनमें कोसी स्नातक क्षेत्र में 1,34,072, तिरहुत में 1,43,988, दरभंगा में 1,26,951 और पटना में 87,583 मतदाता शामिल हैं। वहीं, चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 40,253 मतदाता हैं।
पटना सीट पर मुकाबला खास चर्चा में
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव इस बार राजनीतिक रूप से काफी चर्चित है। यहां जदयू के नीरज कुमार और अनंत सिंह से जुड़े चुनावी समीकरणों के कारण मुकाबले पर विशेष नजर है। एनडीए, राजद-कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों और जन सुराज की मौजूदगी ने चुनावी गणित को और दिलचस्प बना दिया है।
दरभंगा में सबसे ज्यादा प्रत्याशी
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में प्रत्याशियों की संख्या सबसे अधिक है। यहां 40 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। प्रमुख राजनीतिक दलों के अलावा जन सुराज और अन्य प्रत्याशी भी मुकाबले में हैं।
पटना में सुरक्षा के विशेष इंतजाम
मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। पटना में 42 उड़न दस्ते और 17 मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। मतदान केंद्रों पर कर्मियों की तैनाती पूरी कर ली गई है। प्रशासन का उद्देश्य किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकते हुए निष्पक्ष मतदान कराना है।
27 अक्टूबर को आएगा परिणाम
आठों सीटों के लिए मतदान के बाद मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। इन चुनावों को राजनीतिक दलों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि जन सुराज के सभी आठ सीटों पर उतरने से कई निर्वाचन क्षेत्रों में पारंपरिक मुकाबले के समीकरण बदल गए हैं।