बिहार में दवा दुकानों पर औषधि विभाग का बड़ा छापा, 34 प्रतिष्ठानों की जांच में 17 से अधिक जगह मिली गड़बड़ी
पटना के जीएम रोड पर संदिग्ध दवाओं का खुलासा, बिना लाइसेंस चल रही दुकान में दवाएं सील; दुकानदार के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई शुरू
पटना। बिहार में नकली और अवैध दवाओं के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए औषधि नियंत्रण विभाग ने गुरुवार को राज्यव्यापी अभियान चलाया। इस दौरान 18 जिलों में एक साथ 34 दवा दुकानों और प्रतिष्ठानों पर छापेमारी एवं जांच की गई। शुरुआती जांच में 17 से अधिक स्थानों पर नियमों का उल्लंघन सामने आया। वहीं, बिना लाइसेंस संचालित एक दवा दुकान में दवाओं को सील कर दिया गया और संबंधित दुकानदार के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई शुरू की गई है।
विभाग की इस कार्रवाई में दवाओं की खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड में गड़बड़ी, संदिग्ध दवाओं की बिक्री और अनिवार्य रजिस्टर का रखरखाव नहीं किए जाने जैसे मामले सामने आए। पटना के प्रमुख दवा बाजार जीएम रोड स्थित तीन प्रतिष्ठानों में भी विशेष जांच की गई।
जीएम रोड की तीन दुकानों में मिलीं संदिग्ध दवाएं
औषधि विभाग की टीम ने सागर मेडिको, मुरली फार्मा और पॉपुलर नामक प्रतिष्ठानों की जांच की। सागर मेडिको से चार आयुर्वेदिक दवाओं के नमूने लिए गए हैं। विभाग को आशंका है कि इनमें एलोपैथिक औषधीय तत्वों का मिश्रण हो सकता है। प्रयोगशाला जांच के बाद ही इसकी पुष्टि होगी।
मुरली फार्मा में टीबी के उपचार में इस्तेमाल होने वाली तीन दवाओं और एनआरएक्स श्रेणी की एक दवा की बिक्री का रिकॉर्ड नहीं मिला। दो अन्य दवाओं की खरीद से संबंधित दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराए गए। इसके अलावा शेड्यूल एच-1 का अनिवार्य रजिस्टर भी नहीं पाया गया।
एजिथ्राल-500 के क्यूआर कोड पर संदेह
जांच के दौरान मुरली फार्मा में एजिथ्राल-500 नामक दवा की एक स्ट्रिप मिली, जिस पर अंकित क्यूआर कोड स्कैन नहीं हो रहा था। विभाग ने दवा की प्रामाणिकता की जांच के लिए इसे निर्माता कंपनी के पास भेजा है। वहीं, पॉपुलर प्रतिष्ठान में पांच दवाओं की प्रामाणिकता पर संदेह जताया गया है। इन्हें भी संबंधित कंपनियों के पास सत्यापन के लिए भेजा गया है। कंपनियों की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
भोजपुर और छपरा में भी कार्रवाई
भोजपुर जिले के पीरो स्थित रंजन मेडिकल एजेंसी में जांच के दौरान नारकोटिक श्रेणी की औषधि मिली है। वहीं, छपरा की एक दवा दुकान में कुछ ऐसी दवाएं पाई गईं, जिनकी निर्माण अनुमति, औषधीय संरचना और लेबलिंग को लेकर संदेह है। इनकी वास्तविकता की जांच के लिए संबंधित निर्माता कंपनियों से दस्तावेज मांगे जाएंगे।
18 जिलों में चला अभियान
यह विशेष अभियान पटना, मधेपुरा, पूर्णिया, भोजपुर, वैशाली, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, दरभंगा, सुपौल, सारण, औरंगाबाद, भागलपुर, गयाजी, बक्सर, कटिहार, कैमूर, मधुबनी और मुंगेर में चलाया गया।
औषधि नियंत्रण विभाग ने स्पष्ट किया है कि दवाओं के अवैध निर्माण, बिना लाइसेंस बिक्री, सरकारी दवाओं के दुरुपयोग और खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आने वाले दिनों में भी राज्यभर में छापेमारी और औचक निरीक्षण जारी रहेगा।