बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने की तैयारी, संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल परिषद हुई क्रियाशील

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने बताया परिषद का महत्व, फिजियोथेरेपी से लेकर रेडियोलॉजी तक के पेशेवरों का होगा पंजीकरण और नियमन

पटना। बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और व्यवस्थित बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। बिहार राज्य संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल परिषद के क्रियाशील होने से स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न पेशेवरों के पंजीकरण, योग्यता और कार्यप्रणाली को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि परिषद के माध्यम से राज्य में स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र के लिए पारदर्शी और प्रभावी नियामक व्यवस्था विकसित की जाएगी।

स्वास्थ्य पेशेवरों का होगा पंजीकरण

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि परिषद का गठन राष्ट्रीय संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल वृत्ति आयोग अधिनियम, 2021 के प्रावधानों के तहत किया गया है। इसका प्रमुख उद्देश्य संबद्ध स्वास्थ्य पेशेवरों का पंजीकरण, नियमन और उनके व्यावसायिक मानकों को सुनिश्चित करना है। परिषद राज्य में पेशेवरों का रजिस्टर तैयार करने और उसके रखरखाव में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

फिजियोथेरेपी और रेडियोलॉजी जैसे क्षेत्रों पर भी ध्यान

निशांत कुमार ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था केवल डॉक्टरों और अस्पतालों तक सीमित नहीं है। इसमें फिजियोथेरेपी, मेडिकल लैबोरेटरी साइंस, रेडियोलॉजी और ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों की भी अहम भूमिका है। इन सेवाओं से जुड़े कर्मियों की शैक्षणिक योग्यता, दक्षता और निर्धारित व्यावसायिक मानकों का पालन सुनिश्चित करना जरूरी है।

स्वायत्त और सलाहकार बोर्ड का होगा गठन

स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, परिषद के अंतर्गत स्वायत्त बोर्ड और सलाहकार बोर्ड के गठन की प्रक्रिया भी जारी है। सरकार का प्रयास है कि सरकारी और निजी स्वास्थ्य संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो तथा राज्य में प्रशिक्षित और योग्य स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता बढ़ाई जा सके।

उन्होंने विश्वास जताया कि परिषद के प्रभावी संचालन से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और जवाबदेही को मजबूती मिलेगी। इससे बिहार में स्वास्थ्य क्षेत्र के पेशेवरों के लिए एक व्यवस्थित व्यवस्था विकसित करने में सहायता मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *