मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का दो दिवसीय बिहार दौरा शुरू

पटना। भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार रविवार, 16 अगस्त को दो दिवसीय बिहार दौरे पर पटना पहुंचे। इस दौरान वह जिला निर्वाचन तंत्र के अधिकारियों के साथ संवाद करने के साथ-साथ राज्य के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का दौरा करेंगे।

पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्य चुनाव आयुक्त का बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय कुमार शर्मा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वागत किया।

ज्ञानेश कुमार के साथ निर्वाचन आयोग का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी बिहार पहुंचा है। इसमें वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक (मीडिया) आशीष गोयल, महानिदेशक (आईटी) सीमा खन्ना सहित आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।

पटना एयरपोर्ट पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि वह बिहार की पावन धरती को नमन करने आए हैं। उन्होंने बिहार के मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मतदाता सूची के शुद्धीकरण की सबसे सफल राष्ट्रव्यापी पहल की शुरुआत बिहार से हुई है।

उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में बिहार में मतदान प्रतिशत स्वतंत्रता के बाद अब तक का सबसे अधिक रहा। उन्होंने बिहार की वैशाली को लोकतंत्र की जननी बताते हुए राज्य के मतदाताओं और वैशाली के प्रति विशेष आभार जताया।

दौरे के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ने सीतामढ़ी, मधुबनी और वैशाली का भी दौरा किया। इन स्थानों पर उन्होंने जिला निर्वाचन तंत्र के अधिकारियों से बातचीत की तथा बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों का भी जायजा लिया।

बताया जा रहा है कि उनके बिहार दौरे के दौरान निर्वाचन संबंधी जागरूकता और सुधार से जुड़े कार्यक्रमों पर भी विशेष जोर रहेगा। पटना में निर्वाचन साक्षरता क्लब 2.0 की शुरुआत भी प्रस्तावित है, जिसका उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं में चुनावी जागरूकता बढ़ाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *