सीएचसी हवेली खड़गपुर में स्वास्थ्यकर्मियों का हंगामा, अभद्रता और धमकी के आरोप
महिला स्वास्थ्यकर्मियों ने जीएनएम के पति और बीईई पर लगाए गंभीर आरोप, सरकारी आवास खाली कराने की मांग
हवेली खड़गपुर, संवाददाता।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हवेली खड़गपुर में गुरुवार को एएनएम समेत दर्जनों स्वास्थ्यकर्मियों ने हंगामा किया। स्वास्थ्यकर्मियों ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर जीएनएम स्वाति कुमारी के पति विकास कुमार और प्रखंड प्रसार प्रशिक्षक (बीईई) नवल किशोर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एएनएम आरजू प्रिया सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों का आरोप है कि 7 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर एक नंबर से फोन कर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। कर्मियों के अनुसार, जानकारी लेने पर उक्त नंबर विकास कुमार का बताया गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अनुमंडलीय अस्पताल के सामने गाली-गलौज और नौकरी से बर्खास्त कराने की धमकी भी दी गई।
स्वास्थ्यकर्मियों ने आरोप लगाया कि इस मामले में बीईई नवल किशोर की भी भूमिका है। उनका कहना है कि नवल किशोर अस्पताल के आंतरिक कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्था में अनधिकृत हस्तक्षेप करते हैं तथा महिला कर्मियों के साथ भी कथित तौर पर अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हैं।
सरकारी आवास पर भी उठे सवाल
कर्मियों ने नवल किशोर पर अस्पताल परिसर स्थित सरकारी आवास में अनधिकृत रूप से रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि आवास पर कब्जे के कारण पात्र कर्मचारियों को परेशानी हो रही है और अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। महिला स्वास्थ्यकर्मियों ने मामले के बाद खुद को असुरक्षित महसूस करने की बात कही।
कर्मियों ने आवेदन की प्रतिलिपि सिविल सर्जन, मुंगेर के साथ जिलाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी, हवेली खड़गपुर को भी भेजी है। उन्होंने आरोपों की जांच कर दोषियों के खिलाफ प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई करने और सरकारी आवास खाली कराने की मांग की है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
वहीं, प्रखंड प्रसार प्रशिक्षक नवल किशोर ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुबोध कुमार ने कहा कि मामले की जांच के लिए जिला स्तर से टीम गठित की गई है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।