अग्निवीरों के लिए बड़ी राहत, सेवा अवधि में दो साल का इजाफा; 25 फीसदी बनेंगे नियमित सैनिक
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने अग्निपथ योजना के तहत भर्ती अग्निवीरों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में अग्निवीरों की सेवा अवधि को लेकर नई व्यवस्था को मंजूरी दी गई है। इसके तहत 25 फीसदी अग्निवीरों को योग्यता और प्रदर्शन के आधार पर नियमित सशस्त्र बलों में शामिल किया जाएगा, जबकि शेष 75 फीसदी को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार मिलेगा।
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने बुधवार को इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चार साल की सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों के लिए अब सेना में आगे भी बने रहने का रास्ता तैयार किया गया है। अतिरिक्त दो साल की सेवा पूरी होने के बाद नियमित बलों में शामिल होने के इच्छुक अग्निवीरों को निर्धारित चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा। उनका चयन तय मानकों और प्रदर्शन के मूल्यांकन के आधार पर किया जाएगा।
पहले बैच के अग्निवीरों को मिलेगा लाभ
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 14 जून 2022 को अग्निपथ योजना की शुरुआत की थी। इसके तहत युवाओं को चार साल के लिए सेना में भर्ती करने का प्रावधान किया गया था। योजना के मूल ढांचे के अनुसार, प्रत्येक बैच के अधिकतम 25 फीसदी अग्निवीरों को नियमित सेवा में शामिल करने की व्यवस्था थी, जबकि बाकी को चार साल बाद सेवा से मुक्त होना था।
अब पहले बैच के अग्निवीरों का चार साल का कार्यकाल पूरा होने के करीब है। ऐसे समय में सरकार के इस फैसले से उन हजारों युवाओं को अतिरिक्त समय तक सशस्त्र बलों में सेवा देने का अवसर मिलेगा, जिन्हें पहले चार साल बाद वापस लौटना था।
प्रदर्शन के आधार पर होगा चयन
सीडीएस जनरल सुब्रमणि के मुताबिक, पिछले चार वर्षों में अग्निवीरों के कार्य प्रदर्शन का लगातार आकलन किया गया है। तीनों सेनाओं से मिले फीडबैक को सकारात्मक बताया गया है। नई व्यवस्था का उद्देश्य प्रशिक्षित और अनुभवी युवाओं की सेवाओं का बेहतर इस्तेमाल करना है। हालांकि, दो साल का सेवा विस्तार मिलने के बाद भी नियमित सैनिक बनने की प्रक्रिया स्वतः नहीं होगी। इसके लिए निर्धारित पात्रता और चयन मानकों को पूरा करना आवश्यक होगा।
सरकार के इस फैसले से अग्निवीरों को सैन्य सेवा में अपना करियर आगे बढ़ाने का एक और अवसर मिलेगा। वहीं, रक्षा बलों को प्रशिक्षित जवानों का अनुभव लंबे समय तक प्राप्त हो सकेगा।