असम चुनाव से पहले पीएम मोदी का बड़ा ऐलान — लागू होगा यूनिफॉर्म सिविल कोड, आदिवासी अधिकारों की भी गारंटी
बीजेपी की वापसी पर UCC लागू करने का वादा, छठी अनुसूची क्षेत्रों और जनजातीय परंपराओं को सुरक्षित रखने का आश्वासन
गुवाहाटी/धेमाजी,
असम विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा चुनावी वादा करते हुए कहा है कि यदि भारतीय जनता पार्टी दोबारा सत्ता में आती है, तो राज्य में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू किया जाएगा। हालांकि इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आदिवासी समाज की परंपराओं, छठी अनुसूची क्षेत्रों और उनकी सांस्कृतिक पहचान की पूरी तरह रक्षा की जाएगी।
धेमाजी जिले के गोगामुख में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि UCC लागू करना महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और समान अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने इसे असम की पहचान को सुरक्षित रखने से भी जोड़ा।
प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कांग्रेस पर “घुसपैठियों को संरक्षण देने” वाली नीतियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार राज्य के मूल निवासियों के अधिकारों और भूमि की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा जो वादा करती है, उसे पूरा करती है और राज्य के विकास के साथ-साथ सामाजिक संतुलन बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। साथ ही, उन्होंने असम में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने का विश्वास भी जताया।
गौरतलब है कि असम में विधानसभा चुनाव 9 अप्रैल को होने वाले हैं, जिसके मद्देनज़र सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी रणनीति और घोषणाएं तेज कर चुके हैं।