बंगाल में SIR विवाद पर बवाल तेज, मालदा में हिंसा आंसू गैस के गोले, 18 गिरफ्तार

कोलकाता, 
पश्चिम बंगाल में चुनावी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विरोध-प्रदर्शन अब उग्र रूप लेता जा रहा है। गुरुवार को उत्तर बंगाल के कई जिलों में हिंसा, सड़क जाम और झड़पों की घटनाएं सामने आईं, जिसमें पुलिस को हालात काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े।

मालदा जिले के ओल्ड मालदा और इंग्लिश बाजार इलाके में प्रदर्शनकारियों ने नेशनल हाईवे-12 को जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई, जिसमें पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और एक चालक घायल हो गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए भीड़ को तितर-बितर किया।

पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और कई केस दर्ज किए गए हैं। इलाके में केंद्रीय बलों की तैनाती कर दी गई है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

विरोध प्रदर्शन केवल मालदा तक सीमित नहीं रहा। जलपाईगुड़ी के मयनागुड़ी में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 को जाम किया गया, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। वहीं कूचबिहार में भी लोगों ने सड़क जाम कर टायर जलाकर विरोध जताया।

इस बीच, एक दिन पहले सुजापुर में SIR कार्य में लगे सात न्यायिक अधिकारियों को घंटों तक घेरकर बंधक बनाए जाने की घटना ने मामले को और गंभीर बना दिया है। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए राज्य सरकार से जवाब मांगा है और जांच के आदेश दिए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *