Gen-Z तक पहुंचेगा डॉ. हेडगेवार का जीवन और विचार, बिहार के जिलों में होगा महानाट्य का मंचन: CM सम्राट

पटना। बिहार सरकार नई पीढ़ी, खासकर Gen-Z को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन, संघर्ष और विचारों से परिचित कराने के लिए राज्यभर में महानाट्य के मंचन की योजना बना रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को पटना के बापू सभागार में डॉ. हेडगेवार के जीवन पर आधारित महानाट्य के शुभारंभ के दौरान यह घोषणा की।

पटना के बाद दूसरे जिलों में भी मंचन

‘संघ सृजन का आविष्कार : युगप्रवर्तक डॉ. हेडगेवार’ नामक महानाट्य का निर्माण नागपुर की नादब्रह्म संस्था ने किया है। बिहार के कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रस्तुति की शुरुआत की और कलाकारों का मंचन देखा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में दो करोड़ से अधिक युवा हैं। ऐसे में नई पीढ़ी को डॉ. हेडगेवार के जीवन और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण से अवगत कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह प्रस्तुति केवल पटना तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि बिहार के अन्य जिलों में भी इसका मंचन कराया जाएगा।

राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और समाजसेवा पर जोर

मुख्यमंत्री ने महानाट्य को डॉ. हेडगेवार के जीवन, संघर्ष, त्याग और संगठन निर्माण को समझने का माध्यम बताया। उनके अनुसार, प्रस्तुति में राष्ट्रभक्ति, त्याग, अनुशासन और समाजसेवा जैसे विषयों को प्रमुखता दी गई है।

कार्यक्रम में कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, RSS बिहार-झारखंड के क्षेत्रीय कार्यवाह डॉ. मोहन सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे। स्कूली बच्चों ने राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान भी प्रस्तुत किया।

TWM News Bihar | पटना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *