अस्पताल पहुंचे CM सम्राट चौधरी, MLC प्रत्याशी नीरज कुमार का जाना हाल; सीने में दर्द के बाद ICU में भर्ती

पटना। बिहार विधान परिषद चुनाव के बीच जदयू के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने के बाद सियासी हलचल के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को पटना के जयप्रभा मेदांता अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती नीरज कुमार से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे। नीरज कुमार की सोमवार शाम दुर्गा पूजा के एक कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान अचानक तबीयत खराब हुई थी। उन्हें सीने में दर्द और तकलीफ की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

ICU में चल रहा इलाज

जानकारी के मुताबिक, नीरज कुमार को मेदांता अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, नीरज कुमार को पहले से हृदय संबंधी समस्या भी रही है।

चुनाव प्रचार के बीच बिगड़ी तबीयत

नीरज कुमार पटना स्नातक सीट से NDA समर्थित उम्मीदवार हैं। विधान परिषद चुनाव के लिए प्रचार का अंतिम दौर चल रहा है और 23 अक्टूबर को मतदान होना है। ऐसे समय में प्रत्याशी की तबीयत बिगड़ने से उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में चिंता का माहौल है।

अनंत सिंह के बयान से भी गरमाया मामला

नीरज कुमार की बीमारी को लेकर मोकामा विधायक अनंत सिंह पहले ही विवादित बयान दे चुके हैं। अनंत सिंह ने नीरज की बीमारी को लेकर सवाल उठाते हुए इसे नाटक बताया था। हालांकि, नीरज कुमार के अस्पताल में भर्ती होने और इलाज चलने की जानकारी सामने आई है।

MLC चुनाव में नीरज कुमार को लेकर जदयू के भीतर भी खींचतान चर्चा में रही है। अनंत सिंह उनके खिलाफ खुलकर जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं। ऐसे में चुनाव से ठीक पहले नीरज की तबीयत खराब होने से राजनीतिक घटनाक्रम और भी चर्चा में आ गया है।

TWM News Bihar | पटना डेस्क

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *