आधी रात पुलिस एनकाउंटर में मुख्य आरोपी ढेर

भागलपुर/सुल्तानगंज: बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज में नगर परिषद कार्यालय के भीतर दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज हत्या ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) कृष्णा भूषण कुमार की मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई।

मिली जानकारी के अनुसार, 4-5 हथियारबंद बदमाश अचानक कार्यालय में घुस आए और चैंबर के अंदर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान EO ने हमलावरों का मुकाबला करने की कोशिश की, लेकिन अपराधियों ने उन्हें जबरन बाहर खींचकर करीब चार गोलियां मार दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हमले में नगर परिषद के चेयरमैन राज कुमार गुड्डू भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनके शरीर में गोली फंसी होने के कारण उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और अस्पताल में इलाज जारी है।

घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रामधनी यादव की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था और हथियार बरामदगी के लिए मौके पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसके साथियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एनकाउंटर किया, जिसमें रामधनी यादव को गोली लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

इस मुठभेड़ में डीएसपी समेत तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। पुलिस ने एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे गिरोह की तलाश में छापेमारी जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *