‘कहां है रे गुंजन, ले जा मिठाइयां…’ नीरज कुमार का अनंत सिंह पर तंज, जीत के बाद खूब सुनाया!
पटना स्नातक MLC सीट पर JDU की जीत के बाद मिठाइयों की चर्चा तेज, अनंत सिंह के समर्थित जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह तीसरे स्थान पर रहे
TWM News Bihar | पटना
बिहार विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद पटना की राजनीति में मिठाइयों को लेकर नया सियासी तंज शुरू हो गया है। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जीत दर्ज करने वाले जदयू नेता नीरज कुमार ने मोकामा विधायक अनंत सिंह पर निशाना साधते हुए कहा, “ए गुंजन, मिठाइयां ले जाओ!” उनके इस बयान को चुनाव से पहले अनंत सिंह के आवास पर जीत के जश्न के लिए तैयार कराई गई मिठाइयों से जोड़कर देखा जा रहा है।
लाखों मिठाइयों की तैयारी, लेकिन नतीजा निकला उलटा!
चुनाव परिणाम आने से पहले अनंत सिंह के आवास पर बड़े पैमाने पर मिठाइयां तैयार कराए जाने की खबरें सामने आई थीं। उनके समर्थित जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह की जीत के जश्न के लिए रसगुल्ले और गुलाब जामुन समेत बड़ी मात्रा में मिठाइयां बनवाई गई थीं। अनंत सिंह को अपने समर्थित उम्मीदवार की जीत का भरोसा था।
लेकिन मतगणना के बाद बाजी जदयू के नीरज कुमार के हाथ लगी। अनुज सिंह तीसरे स्थान पर रहे। इसके बाद मिठाइयों का यही किस्सा चुनावी कटाक्ष का मुद्दा बन गया।
अनंत सिंह ने क्यों किया था नीरज कुमार का विरोध?
पटना स्नातक सीट पर चुनाव के दौरान अनंत सिंह ने जदयू के आधिकारिक प्रत्याशी नीरज कुमार के बजाय जन सुराज के अनुज सिंह का समर्थन किया था। इस विरोध के कारण दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक खींचतान सुर्खियों में रही।
अनंत सिंह ने अपनी नाराजगी की वजह बताते हुए नीरज कुमार पर आरोप लगाए थे। दूसरी ओर, नीरज कुमार ने चुनाव के दौरान और जीत के बाद अपने विरोधियों पर पलटवार किया।
‘धनबल नहीं, कार्यकर्ता बल है’
जीत के बाद नीरज कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेतृत्व को दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनके पास धनबल और बाहुबल नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं का समर्थन है।
नीरज कुमार की जीत के साथ ही पटना स्नातक सीट पर अनंत सिंह की राजनीतिक चुनौती भी चर्चा में आ गई है। चुनाव के पहले मिठाइयों की तैयारी और नतीजों के बाद आया यह तंज अब बिहार की सियासत का चर्चित किस्सा बन गया है।
TWM News Bihar | पटना
Report By – Shivanshu Singh