पटना में टला बड़ा रेल हादसा: यारपुर ब्रिज पर केबल में लगी आग, ट्रैक पर गिरने लगे जलते तार; कई ट्रेनें घंटों प्रभावित
पटना। राजधानी पटना में यारपुर ब्रिज के पास केबल वायर में भीषण आग लगने से गुरुवार को रेल परिचालन प्रभावित हो गया। आग की वजह से जलते हुए तार रेलवे ट्रैक और ओवरहेड वायर पर गिरने लगे। इसी दौरान उसी ट्रैक से एक ट्रेन गुजर रही थी, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका पैदा हो गई। हालांकि, समय रहते रेलवे की ओर से एहतियाती कदम उठाए जाने के कारण संभावित हादसा टल गया।
घटना के बाद रेलवे ने सुरक्षा के मद्देनजर अप और डाउन दोनों रेल लाइनों पर परिचालन रोक दिया। इससे पटना जंक्शन से गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनें प्रभावित हुईं। संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस करीब एक घंटे तक पटना जंक्शन पर खड़ी रही, जबकि तेजस राजधानी एक्सप्रेस को 71 मिनट तक रोकना पड़ा। वहीं, राजेंद्र नगर टर्मिनल से दिल्ली जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस भी 66 मिनट की देरी से रवाना हुई।
केबल में आग लगने की घटना का असर आधा दर्जन से अधिक अन्य ट्रेनों के परिचालन पर भी पड़ा। यात्रियों को ट्रेनों के इंतजार में परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के साथ ट्रैक पर गिरे तारों को हटाने का काम शुरू किया।
स्थिति सुरक्षित होने और तकनीकी जांच के बाद रेल परिचालन बहाल कर दिया गया। समय रहते रेलवे की कार्रवाई से एक संभावित बड़े रेल हादसे को टाल दिया गया। हालांकि, केबल में आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।