कोसी में फिर नाव हादसा: दरभंगा में 4 लोग डूबे, मूंग तोड़ने जा रहे थे सभी

किरतपुर अंचल में सुबह-सुबह हादसा, 9 में से 5 को ग्रामीणों ने बचाया, NDRF तैनात

दरभंगा, बुधवार | अनिरुद्ध नारायण (इंटर्न)

बिहार के दरभंगा जिले में कोसी नदी एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। किरतपुर अंचल स्थित कोसी नदी में बुधवार अहले सुबह एक छोटी नाव पलट जाने से चार लोगों के डूबने की आशंका है, जबकि पांच लोगों को स्थानीय ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाते हुए सुरक्षित बचा लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाव पर कुल नौ लोग सवार थे, जिनमें अधिकांश महिलाएं और बच्चे शामिल थे। सभी लोग नदी पार कर खेतों में मूंग तोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान तरबारा स्पर के समीप तेज धारा में नाव का संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गई।

प्रत्यक्षदर्शी तरबारा गांव निवासी रामनारायण यादव के मुताबिक, “नाव छोटी थी और उस पर ज्यादा लोग सवार थे। तेज बहाव के कारण अचानक संतुलन बिगड़ा और देखते ही देखते नाव पलट गई।”

हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल नदी में कूदकर पांच लोगों को बचा लिया, जिन्हें इलाज के लिए किरतपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही बिरौल के एसडीपीओ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। एनडीआरएफ और क्विक रिस्पॉन्स टीम को भी बुलाया गया है, जो नदी में लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं।

घटनास्थल पर प्रभाकर तिवारी भी पहुंचकर बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन अब तक लापता चार लोगों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

गौरतलब है कि कोसी नदी में नाव पलटने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *