कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जन सुराज ने तेज की चुनावी तैयारी, रजनीश रंजन के समर्थन में बनी रणनीति
जमालपुर में संगठनात्मक बैठक, 36 वार्डों में वार्ड प्रभारियों की नियुक्ति का लक्ष्य; अधिवक्ताओं को बुनियादी सुविधाएं दिलाने का आश्वासन
जमालपुर, 9 अक्टूबर। कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में चुनावी तैयारियों को लेकर जन सुराज पार्टी ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर परिषद जमालपुर में पार्टी की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला महामंत्री आशीष कुमार ‘अधिवक्ता’ ने की। इसमें जिला अध्यक्ष मोहम्मद साहब मलिक और संसदीय क्षेत्र प्रभारी राकेश गोप मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी रजनीश रंजन के समर्थन में संगठन को मजबूत करना और नगर परिषद जमालपुर के सभी 36 वार्डों में एक-एक वार्ड प्रभारी नियुक्त करने की रणनीति तैयार करना था।

जिला महामंत्री आशीष कुमार ‘अधिवक्ता’ ने कहा कि जमालपुर में मतदाताओं की पहचान करने और उनसे सीधा संपर्क स्थापित करने की जिम्मेदारी जन सुराजी संजीत कुमार गुप्ता को सौंपी गई है। अगले 15 दिनों तक पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर और मतदाताओं के बीच पहुंचकर जन सुराज के सात निश्चयों की जानकारी देंगे।
उन्होंने दावा किया कि रजनीश रंजन स्नातक मतदाताओं के बीच लोकप्रिय हो रहे हैं और वे उनकी पहली पसंद बनकर उभर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि जन सुराज के प्रत्याशी जीतते हैं, तो कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में अधिवक्ताओं के लिए आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाएगी।
जिला अध्यक्ष मोहम्मद साहब मलिक ने विश्वास जताया कि मुंगेर जिले के स्नातक मतदाताओं का व्यापक समर्थन रजनीश रंजन को मिलेगा। वहीं, जिला मुख्य प्रवक्ता रोहित सिंहा ने कहा कि कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जन सुराज की सक्रियता से चुनावी मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
संसदीय क्षेत्र प्रभारी राकेश गोप ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर रजनीश रंजन के पक्ष में समर्थन जुटा रहे हैं। उन्होंने कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर जन सुराज की जीत का भरोसा जताया।
बैठक में जिला चुनाव प्रभारी मनोज पटेल, जन सुराज नेता संतोष मिश्रा सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।