गांधी मैदान में गूंजा जय श्रीराम, 90 फीट के रावण का हुआ दहन; CM सम्राट चौधरी ने की श्रीराम की आरती
पटना। विजयादशमी के अवसर पर राजधानी पटना का ऐतिहासिक गांधी मैदान मंगलवार को आस्था और उत्सव के रंग में रंग गया। यहां आयोजित भव्य रावण वध समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भगवान श्रीराम और लक्ष्मण की झांकी की आरती उतारी। इसके बाद प्रतीकात्मक रूप से धनुष-बाण चलाकर रावण वध की रस्म पूरी की गई।
समारोह में भगवान श्रीराम की झांकी वानर सेना के साथ रथ पर सवार होकर गांधी मैदान पहुंची। राम-लक्ष्मण के दर्शन के लिए लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत अन्य गणमान्य लोगों ने भगवान श्रीराम और लक्ष्मण की आरती की। पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
90 फीट के रावण का हुआ दहन
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 90 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन रहा। इसके साथ 85 फीट के मेघनाद और 80 फीट के कुंभकर्ण के पुतलों को भी आग के हवाले किया गया। पुतलों में आग लगते ही गांधी मैदान रंग-बिरंगी आतिशबाजी से जगमगा उठा।
हनुमान ने किया लंका दहन
रावण वध से पहले रामलीला के जरिए लंका दहन और युद्ध के प्रसंगों का मंचन किया गया। वीर हनुमान द्वारा प्रतीकात्मक रूप से सोने की लंका जलाने के दृश्य ने दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया। इसके बाद कुंभकर्ण और मेघनाद वध के प्रसंगों के बाद रावण दहन किया गया।
राज्यपाल समेत कई बड़े नेता रहे मौजूद
समारोह में बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, नगालैंड के राज्यपाल नंद किशोर यादव समेत कई प्रमुख नेता और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गांधी मैदान पहुंचकर रावण वध का नजारा देखा।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। गांधी मैदान में बैरिकेडिंग और दर्शकों के लिए अलग व्यवस्था की गई थी। पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखती रहीं।
TWM News Bihar | पटना डेस्क