चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष का दिल्ली में प्रदर्शन, BJD ने दिया साथ; AAP रही मार्च से दूर

नई दिल्ली: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का विरोध प्रदर्शन मंगलवार को दिल्ली की सड़कों पर पहुंच गया। INDIA गठबंधन के सांसदों ने संसद से निर्वाचन आयोग मुख्यालय की ओर मार्च निकालने की तैयारी की। विपक्षी दलों ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए।

इस प्रदर्शन को बीजू जनता दल (BJD) ने भी समर्थन दिया, हालांकि वह INDIA गठबंधन का हिस्सा नहीं है। BJD सांसद सुलता देव ने कहा कि उनकी पार्टी न तो INDIA गठबंधन के साथ है और न ही NDA के साथ, लेकिन मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर जनता की आवाज उठाना उसका अधिकार है।

AAP ने मार्च से बनाई दूरी

वहीं आम आदमी पार्टी (AAP) ने INDIA गठबंधन के इस मार्च से दूरी बनाए रखी। AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी इस मुद्दे पर अपने तरीके से लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि SIR के खिलाफ देश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं।

विपक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आयोग निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा है। उन्होंने SIR और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर चुनाव आयोग से जवाब मांगा। आरजेडी सांसद मनोज झा और कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने भी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।

विपक्ष का यह आक्रोश सुप्रीम कोर्ट की उस टिप्पणी के बाद और तेज हुआ है, जिसमें मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा था कि अदालत ने संशोधित Form 6 को मंजूरी नहीं दी है और यह देखना चाहती है कि उसमें बदलाव किसने किया। चुनाव आयोग का कहना है कि Form 6 में बदलाव नहीं किया गया, बल्कि SIR के दौरान अलग घोषणा-पत्र जोड़ा गया था।

दिल्ली में सुरक्षा कड़ी

विपक्ष के मार्च को देखते हुए निर्वाचन आयोग मुख्यालय और जंतर-मंतर के आसपास भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई। दिल्ली पुलिस ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की। विपक्षी दलों ने ऐलान किया है कि SIR और चुनाव आयोग के खिलाफ उनका अभियान आगे भी जारी रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *