जेपीएससी आंदोलन: विधानसभा मार्च में उग्र हुए छात्र, बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ा हुजूम

रांची: झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्रों का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है। विधानसभा घेराव के लिए निकले हजारों छात्र रांची के जगन्नाथपुर मंदिर, नीलाद्री क्षेत्र के पास बड़ी संख्या में जुट गए हैं और बैरिकेडिंग तोड़ते हुए आगे बढ़ रहे हैं।

प्रदर्शनकारी छात्र लगातार विधानसभा की ओर कूच कर रहे हैं। मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को पार करते हुए छात्र आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे कानून-व्यवस्था की चुनौती बढ़ गई है।

आंदोलन में देवेंद्र नाथ महतो भी एंबुलेंस के माध्यम से शामिल हुए और छात्रों के साथ मार्च में मौजूद हैं। इससे आंदोलन को और बल मिला है।

छात्रों का आरोप है कि राज्य सरकार प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई गड़बड़ियों की जांच करने से बच रही है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जानी चाहिए, ताकि दोषियों पर कार्रवाई हो सके और अभ्यर्थियों को न्याय मिल सके।

फिलहाल प्रशासन और पुलिस स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों की ओर से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है, वहीं छात्रों का हुजूम अपनी मांगों को लेकर आगे बढ़ता नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *