टीएमसी के पूर्व विधायक आशीष बनर्जी पार्टी कार्यालय में मृत मिले

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक आशीष बनर्जी रविवार को बीरभूम जिले के रामपुरहाट स्थित पार्टी कार्यालय में मृत पाए गए। पुलिस के अनुसार, उनके पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। मामले की जांच जारी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बनर्जी पार्टी कार्यालय में फंदे से लटके हुए पाए गए। बरामद कथित सुसाइड नोट में लिखा है कि उनकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में टीएमसी कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय और रामपुरहाट स्थित उनके आवास के बाहर जुट गए।

आशीष बनर्जी रामपुरहाट विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक रह चुके थे। वह पश्चिम बंगाल विधानसभा के उपाध्यक्ष भी रह चुके थे। इसके अलावा उन्होंने राज्य सरकार में मंत्री के रूप में आयुष और कृषि सहित कई विभागों की जिम्मेदारी संभाली थी। राजनीति में आने से पहले वह रामपुरहाट कॉलेज में प्रोफेसर भी रहे।

हालिया विधानसभा चुनाव में उन्हें भाजपा के ध्रुव साहा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इसके कुछ सप्ताह बाद जून में उन्होंने टीएमसी की बीरभूम जिला कोर कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।

बनर्जी के निधन की खबर के बाद बोलपुर के टीएमसी सांसद असीत कुमार माल और राज्यसभा सांसद समीरुल इस्लाम ने रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। घटना से पार्टी कार्यकर्ताओं और राजनीतिक हलकों में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *