दरभंगा पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के NDA प्रत्याशियों के लिए मांगा समर्थन
दरभंगा। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार शनिवार को दरभंगा पहुंचे, जहां उन्होंने बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से NDA समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
सभा को संबोधित करते हुए निशांत कुमार ने कहा कि करीब 20 वर्ष पहले बिहार में कानून-व्यवस्था और शिक्षा व्यवस्था की स्थिति चुनौतीपूर्ण थी। उस समय राज्य में दंगे और सांप्रदायिक तनाव की घटनाएं होती थीं। कई विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं की कमी थी और स्कूलों के भवन भी जर्जर स्थिति में थे, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती थी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद कानून-व्यवस्था, शिक्षा और सुशासन को प्राथमिकता दी गई। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में विकास के लिए भी काम किया गया।
दोनों प्रत्याशियों के लिए मांगे वोट
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सर्वेश कुमार और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से घनश्याम राय के पक्ष में समर्थन मांगा। उन्होंने मतदाताओं से दोनों प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की।
विधान परिषद चुनाव को लेकर दरभंगा में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। विभिन्न दलों और गठबंधनों के नेता अपने समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं।