दुबई-तेल अवीव फ्लाइट में बड़ा हादसा टला, सह-पायलट ने भारतीय कैप्टन को मारा चाकू

नई दिल्ली। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कॉकपिट में सह-पायलट ने कैप्टन पर कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। घायल कैप्टन की पहचान भारतीय नागरिक स्मित मच्छर के रूप में हुई है। घटना के बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी।

विमान में करीब 174 यात्री सवार थे। घटना के दौरान विमान करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई पर था और कुछ ही समय में तेजी से नीचे आने लगा। कॉकपिट से पहले सामान्य आपातकालीन संकेत और बाद में संभावित अपहरण या अवैध हस्तक्षेप से जुड़ा संकेत भेजा गया, जिसके बाद इजरायली अधिकारियों ने सुरक्षा संबंधी प्रतिक्रिया शुरू की।

यात्रियों ने कॉकपिट में पहुंचकर संभाला मोर्चा

रिपोर्टों के मुताबिक, हमले के बाद कैप्टन ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की। इसके बाद कुछ यात्रियों और क्रू सदस्यों ने कॉकपिट में प्रवेश कर सह-पायलट को काबू में किया। फ्लाइट में मौजूद अतिरिक्त फ्लाईदुबई पायलटों ने विमान का नियंत्रण संभाला और उसे सुरक्षित रूप से तबुक, सऊदी अरब में उतारा।

फ्लाईदुबई ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि विमान को ड्यूटी पर मौजूद क्रू सदस्यों ने सुरक्षित रूप से तबुक डायवर्ट किया और सभी यात्री एवं क्रू सुरक्षित हैं। दोनों पायलटों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

कौन हैं कैप्टन स्मित मच्छर?

रिपोर्ट के अनुसार, स्मित मच्छर ने 2022 में फ्लाईदुबई के बोइंग 737 बेड़े में कैप्टन के रूप में काम शुरू किया था। इससे पहले वह करीब 11 वर्षों तक स्पाइसजेट से जुड़े रहे थे। उनके पास बोइंग 737 विमानों पर हजारों घंटे का उड़ान अनुभव बताया गया है।

घटना के पीछे सह-पायलट की मंशा और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है। फ्लाईदुबई ने भी लोगों से जांच पूरी होने तक अटकलों से बचने की अपील की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *