नेपाल में फिर बाढ़ का कहर, बूढ़ी गंडक नदी में उफान से कई गांव जलमग्न; चार लोग लापता

काठमांडू/गोरखा। नेपाल में रविवार सुबह बूढ़ी गंडकी नदी में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई। गोरखा जिले के उत्तरी हिस्से में नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से कई गांवों में पानी घुस गया। इस दौरान दर्जनों मकान और पुल बह गए। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, कम से कम चार लोग लापता हैं। प्रशासन और बचाव दल उनकी तलाश में जुटे हैं।

भूस्खलन के कारण बाढ़ आने की आशंका

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, सिउरीबास के ऊपरी इलाके में भूस्खलन के कारण नदी का प्रवाह बाधित होने की आशंका है। इसके बाद पानी का दबाव बढ़ने से अचानक बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हुई। हालांकि, बाढ़ के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।

चुमनुब्री ग्रामीण नगरपालिका के सल्लेरी, पायूका और जगत जैसे इलाकों में नदी किनारे स्थित मकानों को नुकसान पहुंचा है। एक पुल के बह जाने से स्थानीय संपर्क व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। गंडकी जलविद्युत परियोजना को भी नुकसान पहुंचने की खबर है।

लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह

बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी है। राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं। अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जानकारी में किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है, जबकि नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

गौरतलब है कि नेपाल अभी अगस्त में आई भीषण बाढ़ की तबाही से उबरने की कोशिश कर रहा है। ऐसे में बूढ़ी गंडकी नदी में आई ताजा बाढ़ ने एक बार फिर स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *