देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन पटरी पर, जींद-सोनीपत रूट से हरित भविष्य की ओर बड़ा कदम

नई दिल्ली/चंडीगढ़:
भारतीय रेलवे ने स्वच्छ और हरित परिवहन की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन आधारित ट्रेन को हरियाणा के जींद–सोनीपत रूट पर शुरू कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस आधुनिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाई, जिसके साथ ही भारत उन चुनिंदा देशों की सूची में शामिल हो गया है, जहां हाइड्रोजन तकनीक पर आधारित रेल सेवाएं संचालित हो रही हैं।

यह ट्रेन पूरी तरह स्वदेशी तकनीक पर आधारित है और ‘मेक इन इंडिया’ पहल का प्रमुख उदाहरण मानी जा रही है। हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक से चलने वाली यह ट्रेन बिजली खुद पैदा करती है और इसके उत्सर्जन के रूप में केवल जलवाष्प निकलती है, जिससे यह पर्यावरण के लिए पूरी तरह सुरक्षित है।

रेलवे के अनुसार, 10 कोच वाली यह ट्रेन अधिकतम 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी और इसमें लगभग 2600 यात्रियों के सफर करने की क्षमता है। इस परियोजना के लिए जींद में विशेष हाइड्रोजन स्टोरेज और रिफ्यूलिंग सुविधा भी विकसित की गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल डीजल इंजनों पर निर्भरता कम करने और कार्बन उत्सर्जन घटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। जींद–सोनीपत रूट को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चुना गया है, जहां इस नई तकनीक की व्यवहारिकता का परीक्षण किया जाएगा।

भारतीय रेलवे की यह उपलब्धि देश को हरित ऊर्जा और सतत विकास की दिशा में एक नई पहचान दिलाने वाली मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *