नालंदा के शीतला माता मंदिर में भगदड़, 8 महिलाओं की मौत
चैत्र मास के अंतिम मंगलवार पर उमड़ी भीड़ बनी हादसे की वजह, सीएम ने 6-6 लाख मुआवजे का किया ऐलान
नालंदा/बिहारशरीफ।
बिहार के नालंदा जिले स्थित शीतला माता मंदिर में मंगलवार को पूजा के दौरान मची भगदड़ ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। इस दर्दनाक घटना में 8 महिलाओं की जान चली गई, जबकि कई अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
चश्मदीदों की जुबानी दर्दनाक मंजर
मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं ने हादसे की भयावह तस्वीर बयान की। एक महिला ने रोते हुए बताया कि मंदिर परिसर में अत्यधिक भीड़ थी और अचानक भगदड़ मच गई। “लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर रहे थे, पैरों तले कुचले जा रहे थे। हम चार लोग पटना से आए थे, लेकिन भगदड़ में बिछड़ गए,” महिला ने डबडबाई आंखों से बताया।
एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, भीड़ में कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिससे स्थिति और बेकाबू हो गई। अचानक मची अफरा-तफरी ने पूरे माहौल को भयावह बना दिया।
चैत्र मास की वजह से उमड़ी थी भारी भीड़
बताया जा रहा है कि चैत्र माह के अंतिम मंगलवार और शीतला अष्टमी के कारण मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। परंपरा के अनुसार इस दिन श्रद्धालु माता को ठंडा भोजन अर्पित करते हैं और दर्शन के लिए लंबी कतारें लगती हैं। यही भीड़ हादसे का मुख्य कारण बनी।
यह मंदिर बिहारशरीफ से लगभग 5 किलोमीटर दूर मघड़ा गांव में स्थित है, जहां हर साल इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 6-6 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों के समुचित इलाज के निर्देश भी दिए गए हैं।