नालंदा में BPSC परीक्षा में धांधली का खुलासा: महिला अभ्यर्थी के पास मिला सॉल्व पेपर, 2 बायोमेट्रिक कर्मी गिरफ्तार
पटना/नालंदा, संवाददाता।
बिहार में एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं। नालंदा जिले में सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (ADEO) परीक्षा के दौरान सॉल्व प्रश्नपत्र मिलने से हड़कंप मच गया। इस मामले में एक महिला अभ्यर्थी सहित दो बायोमेट्रिक कर्मियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सोहसराय थाना क्षेत्र स्थित परीक्षा केंद्र पर परीक्षा के दौरान संदिग्ध गतिविधि देखी गई। निरीक्षक की सतर्कता के बाद जब जांच की गई तो एक महिला अभ्यर्थी के पास से ग्रुप C-D का हल किया हुआ प्रश्नपत्र (सॉल्व आंसर शीट) बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके पर मौजूद दो बायोमेट्रिक कर्मियों को भी हिरासत में लिया। उनके पास से ब्लूटूथ डिवाइस और एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए गए, जबकि परीक्षा केंद्र में मोबाइल पूरी तरह प्रतिबंधित होता है।
गिरफ्तार महिला अभ्यर्थी की पहचान पटना निवासी के रूप में हुई है, जबकि पकड़े गए कर्मियों में नालंदा के दो युवक शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सॉल्वर गैंग के जरिए परीक्षा से पहले ही उत्तर उपलब्ध कराया गया था।
पुलिस ने इस मामले में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच के जरिए पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने की कोशिश की जा रही है।
जांच के लिए SIT का गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। अधिकारियों का मानना है कि यह संगठित गिरोह का हिस्सा हो सकता है, जो परीक्षा प्रणाली को प्रभावित कर रहा है।