कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भीषण भगदड़, 19 की मौत; 25 घायल
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में दुर्गा पूजा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। चोरबागान सर्वजनिन दुर्गोत्सव समिति के पूजा पंडाल में शनिवार रात भारी भीड़ के बीच भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। हादसे में 19 लोगों की मौत और करीब 25 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि सप्तमी की शाम पंडाल के बाहर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा थी। इसी दौरान बारिश शुरू होने के बाद भीड़ का दबाव अचानक बढ़ गया। लोगों के एक साथ आगे बढ़ने से अफरा-तफरी मच गई और कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े।
अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने घटना की जांच कराने की बात कही है। पुलिस ने हादसे के बाद पंडाल में लोगों की एंट्री रोक दी और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
12 लोग हिरासत में
पुलिस ने घटना की जांच के सिलसिले में पूजा आयोजन समिति के सदस्यों, स्वयंसेवकों और अन्य लोगों समेत 12 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं चूक तो नहीं हुई थी।
बारिश के बाद बढ़ा भीड़ का दबाव
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अचानक हुई बारिश के कारण बड़ी संख्या में लोग पंडाल के अंदर जाने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान भीड़ का दबाव बढ़ा और भगदड़ की स्थिति बनी। हालांकि हादसे के सटीक कारणों की जांच अभी जारी है।
हादसे के बाद पूरे कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
TWM News | कोलकाता