पटना एम्स का होगा बड़ा विस्तार: 200 नए बेड और सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का ऐलान

पटना, संवाददाता। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना स्थित एम्स का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की और संस्थान के बड़े विस्तार की घोषणा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल के विस्तार के लिए 24 एकड़ अतिरिक्त भूमि 15 दिनों के भीतर उपलब्ध कराई जाए, ताकि कार्य जल्द शुरू हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विस्तार के बाद एम्स पटना में 200 नए आईसीयू बेड जोड़े जाएंगे और कई अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं शुरू की जाएंगी। इनमें कैंसर उपचार, लीवर ट्रांसप्लांट और ट्रॉमा केयर जैसी सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा, जिससे राज्य के मरीजों को उच्चस्तरीय इलाज के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी।

दौरे के दौरान सम्राट चौधरी ने बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी विभाग की निर्माणाधीन इमारत का निरीक्षण किया और न्यूक्लियर मेडिसिन सहित कई विभागों का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और इलाज की गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए सुधार के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने पटना एम्स से नाथूपुर तक प्रस्तावित चार लेन सड़क निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने का भी निर्देश दिया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल तक पहुंचने में सुविधा होगी। साथ ही बर्न मरीजों के बेहतर इलाज के लिए स्किन बैंक स्थापित करने में राज्य सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बिहार में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है और एम्स पटना को एक सशक्त चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *