बिहार के 73 लाख किसानों के खाते में पहुंचे 1,476 करोड़ रुपये, पीएम मोदी ने जारी की किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त
पटना। बिहार के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 24वीं किस्त जारी कर दी। इसके तहत बिहार के 73 लाख से अधिक किसान परिवारों के बैंक खातों में 1,476 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सीधे हस्तांतरित की गई। प्रत्येक पात्र किसान के खाते में दो-दो हजार रुपये भेजे गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में आयोजित किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम से डिजिटल माध्यम से किस्त जारी की। इस अवसर पर देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,690 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के जरिए भेजी गई।
ज्ञान भवन से कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री
पटना के ज्ञान भवन में आयोजित राज्यस्तरीय पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। उन्होंने किसानों के हित में योजना संचालित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को हाल में हुई बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को चिह्नित करने और मुआवजा देने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया।
सालाना मिलते हैं छह हजार रुपये
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि दो-दो हजार रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है। योजना की शुरुआत फरवरी 2019 में हुई थी।
केंद्र सरकार के अनुसार, देशभर में योजना की पहली 23 किस्तों के माध्यम से पात्र किसानों को 4.47 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है।
बिहार में किसानों को मिल रही अतिरिक्त सहायता
मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में बाढ़ प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए प्रति किसान सात हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा कृषि इनपुट अनुदान के तहत भी 270 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में कृषि फीडरों के माध्यम से किसानों को सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। कृषि फीडरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
सरकार का लक्ष्य खेती को आधुनिक तकनीक, बेहतर सिंचाई और आर्थिक सहायता से जोड़कर किसानों की आमदनी बढ़ाना है। रबी फसलों की तैयारी के बीच जारी हुई पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त से किसानों को बीज, खाद और खेती से जुड़ी अन्य जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।