पटना में संत रविदास जयंती समारोह में उमड़ा जनसैलाब, Tejashwi Yadav ने RSS-भाजपा पर साधा निशाना
पटना, संवाददाता। राजधानी पटना के मिलर हाई स्कूल मैदान में रविवार को रविदास चेतना मंच द्वारा संत शिरोमणि Guru Ravidas जी महाराज की जयंती के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही।
समारोह को संबोधित करते हुए बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष Tejashwi Yadav ने कहा कि वर्तमान समय में जाति और धर्म के नाम पर नफरत और हिंसा फैलाने की कोशिशें हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भाजपा समाज में विभाजन की राजनीति कर रहे हैं। ऐसे दौर में संत गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को आत्मसात करने की आवश्यकता और भी बढ़ जाती है।
तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन में संत रविदास की प्रसिद्ध पंक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा—
“ऐसा चाहूँ राज मैं, जहाँ मिले सबन को अन्न,
छोट बड़ो सब सम बसै, रैदास रहे प्रसन्न।”
उन्होंने कहा कि संत रविदास ने समानता, भाईचारे और सामाजिक न्याय का संदेश दिया था। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट रखने की प्रेरणा देते हैं।
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने यह पंक्तियाँ भी उद्धृत कीं—
“कृष्ण, करीम, राम, हरि, राघव, जब लग एक न पेखा,
वेद कतेब कुरान, पुरानन, सहज एक नहिं देखा।”
तेजस्वी यादव ने कहा कि संत रविदास का संदेश सभी धर्मों और समुदायों को जोड़ने वाला है। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजकों ने संत रविदास के आदर्शों पर चलने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लिया।