पटना सिटी में युवक की मौत पर बवाल: आक्रोशित भीड़ ने बस फूंकी, व्यापक तोड़फोड़
पटना: राजधानी पटना के पटना सिटी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। जीरो माइल स्थित अगमकुआं थाना क्षेत्र में बस से कुचलकर एक युवक की मौत हो जाने के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया।
मृतक की पहचान मनीष कुमार के रूप में की गई है। घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने “वैशाली कोच” नामक बस में आग लगा दी और इलाके में व्यापक तोड़फोड़ की। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद अगमकुआं थाना को सूचना दी गई थी, लेकिन पुलिस ने इसे ट्रैफिक का मामला बताते हुए त्वरित कार्रवाई नहीं की, जिससे युवक का शव काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा। इसी बात से नाराज होकर लोगों का गुस्सा भड़क उठा और देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई।
आक्रोशित भीड़ ने पुलिस और मीडिया कर्मियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। उपद्रवियों ने ट्रैफिक चौकी को आग के हवाले कर दिया। यह चौकी पटना-मसौढ़ी मोड़ के पास जीरो माइल के आगे स्थित थी। इसके अलावा पुलिस की दो जिप्सी, 6 से 7 मोटरसाइकिलें और बैरिया बस स्टैंड पर खड़े कई कोचों में तोड़फोड़ की गई।
घटना की सूचना मिलते ही पटना सिटी के एसपी राज किशोर सिंह-1 तथा मंडल अधिकारी सत्यम सहाय दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि, देर तक क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और इलाके में अतिरिक्त बल की तैनाती कर दी गई है ताकि स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में लाया जा सके।