“पापा आपको मेरी उम्र लग जाए…” लालू के जन्मदिन पर तेज प्रताप का भावुक पोस्ट, परिवार ने मनाया जश्न

तेजस्वी यादव ने काटा केक, सोशल मीडिया पर भावनात्मक संदेश से सुर्खियों में तेज प्रताप

पटना | अनिरुद्ध नारायण (इंटर्न):
राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन पर उनके बड़े बेटे तेज प्रताप यादव का भावुक पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। तेज प्रताप ने अपने पिता के लिए दिल छू लेने वाला संदेश लिखते हुए उनके प्रति गहरा प्रेम और सम्मान व्यक्त किया।

तेज प्रताप यादव ने अपने पोस्ट में लिखा कि “पापा आप महान इंसान हैं… आपको मेरी उम्र लग जाए।” उन्होंने कहा कि वह खुद को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें लालू प्रसाद यादव का पुत्र बनने का अवसर मिला। साथ ही उन्होंने अपने पिता के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना भी की।

वहीं, लालू यादव के जन्मदिन पर पटना स्थित आवास पर परिवार के सदस्यों ने जश्न मनाया। देर रात 12 बजे तेजस्वी यादव, राबड़ी देवी, मीसा भारती समेत अन्य परिजनों ने केक काटकर जन्मदिन मनाया। इस दौरान की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की गईं।

हालांकि, तेज प्रताप यादव इस समारोह में मौजूद नहीं दिखे, लेकिन उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपने पिता को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी अलग-अलग माध्यमों से लालू यादव को बधाई संदेश भेजे।

तेज प्रताप ने अपने संदेश में यह भी कहा कि लालू यादव सिर्फ उनके पिता ही नहीं, बल्कि एक महान नेता और प्रेरणा हैं, जिन्होंने समाज और देश की सेवा में अपना जीवन समर्पित किया है। उनके अनुसार, पिता से मिली सीख और संस्कार ही उनके जीवन की सबसे बड़ी ताकत हैं।

लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन पर राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला। सोशल मीडिया से लेकर पार्टी कार्यालय तक, हर जगह उन्हें बधाई देने का सिलसिला जारी रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *