पासपोर्ट विवाद ने पकड़ा तूल: कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के घर पहुंची पुलिस, सियासी घमासान तेज
नई दिल्ली/गुवाहाटी,
पासपोर्ट विवाद को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के घर मंगलवार को पुलिस टीम पहुंची, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई। बताया जा रहा है कि असम पुलिस की टीम, दिल्ली पुलिस के साथ खेड़ा के आवास पर पहुंची और मामले को लेकर पूछताछ की कार्रवाई की।
यह पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब पवन खेड़ा ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी पर एक से अधिक पासपोर्ट रखने का आरोप लगाया था। इन आरोपों को मुख्यमंत्री और उनके परिवार ने सिरे से खारिज करते हुए इन्हें “झूठा और राजनीतिक रूप से प्रेरित” बताया।
मामले के तूल पकड़ने के बाद असम के मुख्यमंत्री ने भी कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए थे। इसके बाद पुलिस की यह कार्रवाई सामने आई, जिसे लेकर विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।