फर्जी अधिकारी बनकर परीक्षा केंद्र में घुसा युवक गिरफ्तार
सिपाही भर्ती परीक्षा में धांधली की कोशिश नाकाम, मुजफ्फरपुर से आरोपी पकड़ा गया
अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न
पटना/मुजफ्फरपुर। बिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान फर्जीवाड़े का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मुजफ्फरपुर के एक परीक्षा केंद्र पर एक युवक खुद को अधिकारी बताकर अंदर घुस गया, जिसे सतर्कता के चलते पकड़ लिया गया।
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर के चैपमैन बालिका इंटर स्कूल परीक्षा केंद्र पर जयप्रकाश नामक व्यक्ति खुद को बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन टीम का सदस्य बताकर अंदर प्रवेश कर गया। हालांकि, वहां मौजूद असली टीम के प्रभारी को उस पर शक हुआ और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान जमुई जिले के लक्ष्मीपुर निवासी जयप्रकाश के रूप में हुई। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह किसी अभ्यर्थी की मदद करने के उद्देश्य से फर्जी अधिकारी बनकर परीक्षा केंद्र में घुसा था।
जांच के दौरान उसके पास से मिला पहचान पत्र भी फर्जी पाया गया। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और इस बात की जांच की जा रही है कि वह किसी बड़े गिरोह का हिस्सा है या नहीं।
गौरतलब है कि बिहार के विभिन्न जिलों में सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान नकल और सॉल्वर गैंग से जुड़े कई मामलों का खुलासा हुआ है, जिसमें कई आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।
इस घटना ने एक बार फिर भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।