बांकीपुर उपचुनाव में सियासी घमासान तेज
भाजपा उम्मीदवार बदलने पर प्रशांत किशोर का तंज “मैदान छोड़ भाग गया प्रत्याशी”
पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा उम्मीदवार बदलने के फैसले पर जन सुराज पार्टी के नेता और प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने तीखा हमला बोला है।
प्रशांत किशोर ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि “पहली बार ऐसा हुआ है कि भाजपा का उम्मीदवार चुनाव मैदान से भाग गया।” उन्होंने कहा कि अगर पार्टी को अपना उम्मीदवार बदलना पड़ा है, तो इसका मतलब साफ है कि पहले चयन में ही गलती हुई थी। उन्होंने यह भी जोड़ा कि “पोल तो उन्हीं लोगों की खुलती है, जिन्होंने कुछ गलत किया हो।”
दरअसल, बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा के पहले घोषित उम्मीदवार अभिषेक कुमार ने नामांकन वापस ले लिया, जिसके बाद पार्टी ने नीरज कुमार सिन्हा को नया उम्मीदवार बनाया है।
इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और यह उपचुनाव अब बेहद दिलचस्प मुकाबले में बदलता नजर आ रहा है। प्रशांत किशोर पहले ही इस चुनाव को सरकार के कामकाज पर जनमत संग्रह बता चुके हैं, जिससे इस सीट की अहमियत और बढ़ गई है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उम्मीदवार बदलने से भाजपा को रणनीतिक नुकसान हो सकता है, वहीं प्रशांत किशोर इसे अपने पक्ष में माहौल बनाने के रूप में देख रहे हैं। ऐसे में बांकीपुर का यह उपचुनाव राज्य की राजनीति के लिए अहम संकेत देने वाला साबित हो सकता है।