बांकीपुर उपचुनाव में हाई वोल्टेज ड्रामा, नामांकन के बाद वीणा मानवी गिरफ्तार

पटना, संवाददाता। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को राजनीतिक हलचल उस समय तेज हो गई, जब जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) की उम्मीदवार वीणा मानवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, वीणा मानवी अपने समर्थकों के साथ पटना समाहरणालय में नामांकन दाखिल करने पहुंची थीं। नामांकन प्रक्रिया पूरी करने के बाद जैसे ही वह बाहर निकलीं, पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया, जिससे वहां कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और नारेबाजी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि वीणा मानवी की गिरफ्तारी एक पुराने धोखाधड़ी (धारा 420) से जुड़े मामले में की गई है। पुलिस को इस मामले में पहले से वारंट प्राप्त था, जिसे नामांकन के तुरंत बाद लागू किया गया।

इस घटना पर जेजेडी प्रमुख तेज प्रताप यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे राजनीतिक साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की उम्मीदवार को जानबूझकर फंसाया गया है क्योंकि वह चुनाव में मजबूत स्थिति में थीं।

उधर, इस कार्रवाई के बाद बांकीपुर में सियासी माहौल और गरमा गया है। नामांकन के दिन हुई इस गिरफ्तारी ने उपचुनाव को और भी संवेदनशील बना दिया है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *