बिहार बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे शिवराज सिंह चौहान, सम्राट चौधरी के साथ किया हवाई और मोटरबोट सर्वे

पटना, 16 सितंबर। बिहार में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को पटना पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई और जमीनी सर्वेक्षण किया। राज्य के 15 जिलों में करीब 49.72 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित बताए गए हैं।

राघोपुर में मोटरबोट से किया निरीक्षण

पटना पहुंचने के बाद शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी राघोपुर प्रखंड के तेरसिया दियारा पहुंचे। यहां दोनों नेताओं ने SDRF की मोटरबोट और ट्रैक्टर के जरिए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें प्रभावित इलाकों और राहत-बचाव कार्यों की जानकारी दी।

दिघवारा और मनेर का भी हवाई सर्वे

केंद्रीय टीम ने सारण के दिघवारा और पटना जिले के मनेर समेत अन्य बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण भी किया। इसके बाद पटना में आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक की गई।

49.72 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित

आपदा प्रबंधन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बिहार के 15 जिलों में करीब 49.72 लाख लोग और लगभग 55 हजार हेक्टेयर भूमि बाढ़ से प्रभावित हुई है। कई प्रमुख नदियां अलग-अलग स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे कई इलाकों में राहत और बचाव अभियान जारी है।

8.27 लाख परिवारों को मिली आर्थिक मदद

बाढ़ प्रभावित परिवारों को राज्य सरकार की ओर से आर्थिक सहायता भी दी जा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 8,27,472 सत्यापित बाढ़ प्रभावित परिवारों के खातों में 579.23 करोड़ रुपये DBT के माध्यम से भेजे हैं। प्रत्येक परिवार को 7,000 रुपये की अनुग्रह राहत राशि दी गई है।

नुकसान का आकलन करेगी केंद्रीय टीम

केंद्रीय टीम के दौरे का उद्देश्य बाढ़ से हुई क्षति का जमीनी आकलन करना भी है। अधिकारियों को प्रभावित इलाकों में सड़कों, मकानों, फसलों और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के बाद केंद्र और राज्य स्तर पर राहत एवं पुनर्वास से जुड़े अगले कदमों पर फैसला लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *