बिहार बोर्ड को मिले नए उपाध्यक्ष, IAS अरविंद कुमार को मिली जिम्मेदारी; नीतीश के आप्त सचिव प्रमोद कुमार को BSWC का अतिरिक्त प्रभार
सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी की अधिसूचना, अजय कुमार बने बिहार बोर्ड के सचिव; प्रशासनिक महकमे में कई बदलाव
पटना। बिहार में प्रशासनिक स्तर पर एक बार फिर फेरबदल किया गया है। सम्राट चौधरी सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और बिहार प्रशासनिक सेवा (BAS) के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस क्रम में 2015 बैच के IAS अधिकारी अरविंद कुमार को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के सरकारी आप्त सचिव प्रमोद कुमार को बिहार राज्य भंडार निगम (BSWC) के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से सोमवार को इस संबंध में दो अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी की गईं। अरविंद कुमार इससे पहले लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) में अपर सचिव के पद पर कार्यरत थे। सरकार ने उनका तबादला करते हुए बिहार बोर्ड में नई जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति बिहार विद्यालय परीक्षा समिति अधिनियम, 2019 की धारा-6 के तहत की गई है।
अजय कुमार बने बिहार बोर्ड के सचिव
प्रशासनिक फेरबदल के तहत बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अजय कुमार को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति का सचिव बनाया गया है। इससे पहले वे सहरसा में बंदोबस्त पदाधिकारी के रूप में कार्यरत थे और खगड़िया के बंदोबस्त पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे। अब उन्हें बिहार बोर्ड में नई जिम्मेदारी दी गई है।
प्रमोद कुमार को BSWC के एमडी का अतिरिक्त प्रभार
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सरकारी आप्त सचिव प्रमोद कुमार को बिहार राज्य भंडार निगम (BSWC) के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं और लंबे समय से नीतीश कुमार के सरकारी निजी सचिव के रूप में कार्य कर रहे हैं। अब उनके पास नई प्रशासनिक जिम्मेदारी भी होगी।
पीएम मोदी की वैशाली रैली में 35 अधिकारी संभालेंगे व्यवस्था
इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 21 नवंबर को वैशाली में प्रस्तावित जनसभा को लेकर भी प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। राज्य सरकार ने बिहार प्रशासनिक सेवा के 35 अधिकारियों की तैनाती की है। इन अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी दी गई है। सभी अधिकारियों को 17 नवंबर को हाजीपुर समाहरणालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। तैनात अधिकारियों में वरीय उपसमाहर्ता, भूमि सुधार उपसमाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी और जिला पंचायत राज पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हैं।