बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा: मधेपुरा के 3 थाना प्रभारी सहित 4 की मौत, पुलिस महकमे में शोक
अनिरुद्ध नारायण (इंटर्न)
बेगूसराय/पटना:
बिहार के बेगूसराय जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मधेपुरा पुलिस के तीन थाना प्रभारी (SHO) समेत चार लोगों की मौत हो गई। यह हादसा साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर देर रात हुआ, जहां तेज रफ्तार कार एक खड़े ट्रक से जा टकराई।
मृतकों की पहचान रतवारा थाना प्रभारी साजन कुमार पासवान, आरर थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र, बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार तथा कार चालक ज्योतिष कुमार के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि सभी पुलिस अधिकारी पटना में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होकर एक ही वाहन से मधेपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान देर रात करीब 12:30 बजे के आसपास यह हादसा हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार आगे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
घटना में दो पुलिस अधिकारियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दो ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही बेगूसराय पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य चलाया गया। शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।