भरत तिवारी एनकाउंटर के विरोध में महापंचायत, सम्राट चौधरी के खिलाफ लगे नारे; प्रशांत किशोर भी पहुंचे

भोजपुर: भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर आयोजित महापंचायत में लोगों का भारी जनसैलाब उमड़ा। महापंचायत के दौरान आक्रोशित ग्रामीणों और समर्थकों ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनसे इस्तीफे की मांग की।

महापंचायत में शामिल लोगों का आरोप है कि भरत तिवारी का एनकाउंटर संदिग्ध परिस्थितियों में हुआ है और मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी नाराजगी जताई तथा न्याय की मांग को लेकर आवाज बुलंद की।
इस बीच, जन सुराज अभियान के संस्थापक प्रशांत किशोर भी महापंचायत में पहुंचे। उनके पहुंचने के बाद कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां और तेज हो गईं। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और मामले में पारदर्शी जांच की आवश्यकता पर जोर दिया।

महापंचायत के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में रहा। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। हालांकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहा, लेकिन मंच और सभा स्थल पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी लगातार होती रही।
ग्रामीणों और स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होती और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, प्रशासन की ओर से अभी तक इस महापंचायत और उठाई गई मांगों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

फिलहाल, भरत तिवारी एनकाउंटर मामला बिहार की राजनीति में एक बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है और आने वाले दिनों में इस पर सियासी बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।

Report by
Anirudh Narayan
Intern TWMNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *