भागलपुर में विक्रमशिला सेतु का हिस्सा गिरा, गंगा में समाया स्लैब; नवगछिया से संपर्क टूटा

भागलपुर, बिहार (संवाददाता):
बिहार के भागलपुर जिले में गंगा नदी पर बना विक्रमशिला सेतु रविवार देर रात एक बड़े हादसे का शिकार हो गया। देर रात करीब 1:10 बजे पुल का एक पिलर (संख्या 133) ध्वस्त हो गया, जिसके ऊपर टिका स्लैब सीधे गंगा नदी में समा गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि समय रहते प्रशासन की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

बताया जा रहा है कि हादसे की शुरुआत रात करीब 11:33 बजे हुई, जब पिलर संख्या 133 धीरे-धीरे झुकने लगा। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद पुल पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। इसके बाद रात 1:10 बजे पिलर पूरी तरह ध्वस्त होकर नदी में गिर गया।

इस घटना के चलते भागलपुर और नवगछिया के बीच सीधा संपर्क पूरी तरह टूट गया है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पुल पर आवागमन बंद कर दिया है और आसपास के इलाकों में भारी वाहनों को रोक दिया गया है, ताकि शहर में दबाव न बढ़े।

विक्रमशिला सेतु लगभग 4.7 किलोमीटर लंबा है और इसका उद्घाटन वर्ष 2001 में तत्कालीन मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने किया था। यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग है, जिससे रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *